मुंबई, गोवा और कारवार में नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) कोर्स का नौसेना दौरा

नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी), नई दिल्ली के कमांडेंट एयर मार्शल डी चौधरी ने एनडीसी में 61वें राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन पाठ्यक्रम को कर रहे 113 अधिकारियों के साथ अपने अध्ययन दौरे और अभिज्ञता यात्रा के हिस्से के रूप में मुंबई, गोवा और कारवार में नौसेना संगठनों का दौरा किया। एनडीसी दल में भारतीय सशस्त्र बल, भारतीय सिविल सेवा और मित्र देशों के सैन्य और नागरिक अधिकारी शामिल थे। मुंबई में अधिकारियों ने 13 से 15 सितंबर 2021 तक एचक्यूडब्ल्यूएनसी, नौसेना डॉकयार्ड, एमडीएल और मैरीटाइम वारफेयर सेंटर का दौरा किया और उन्हें इन संगठनों की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। वे नौसेना अभियानों का पहला अनुभव प्राप्त करने के लिए युद्ध और बचाव हेलीकाप्टर अभियानों के प्रदर्शन, फास्ट अटैक क्राफ्ट द्वारा असममित खतरे के खिलाफ कार्रवाई, पनडुब्बी संचालन, आरएएस और हथियार फायरिंग के लिए पश्चिमी बेड़े के युद्धपोतों में भी सम्मिलित हुए। 16 सितंबर 2021 को एनडीसी की टीम ने गोवा का दौरा किया और उन्हें गोवा नौसेना क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी दी गई। उन्हें विभिन्न विमानों के बारे में जानकारी दी गई और मिग-29K द्वारा विभिन्न हवाई प्रदर्शनों जैसे फ्लाईपास्ट, स्लिंग ऑपरेशंस और ट्रैप-ऑन को समुद्रतट आधारित परीक्षण सुविधा में देखा। उन्होंने नौसेना विमानन संग्रहालय का भी दौरा किया । 17 सितंबर 2021 को एनडीसी की टीम ने कारवार में नौसेना प्रतिष्ठानों का दौरा किया और उन्हें सीबर्ड परियोजना के बारे में जानकारी दी गई। वे एक निर्देशित दौरे के लिए विमानवाहक पोत भा नौ पो विक्रमादित्य पर गए और उन्हें नौसेना जहाज मरम्मत यार्ड के जहाज लिफ्ट प्रतिष्ठान में क्षमता प्रदर्शन भी दिखाया गया। एनडीसी एक विश्व स्तर पर प्रसिद्ध रक्षा संस्थान है, जो रक्षा के लिए केवल सीमित गुंजाइश रखने के बजाय, पूर्ण ' सुरक्षा ' पर ध्यान केंद्रित करता है। यह केवल सशस्त्र बलों के लिए ही नहीं बल्कि सिविल सेवा अधिकारियों के लिए भी उच्च श्रेणी अध्ययनों का सर्वोच्च संस्थान है। एनडीसी, जिसकी स्थापना 1960 में की गई थी, भारत और कई मित्र देशों के वरिष्ठ रक्षा और सिविल सेवा अधिकारियों के लिए सुरक्षा पर समग्र अध्ययन के लिए एक मंच प्रदान करता है। रणनीति, भूराजनीति और युद्ध की उच्च दिशा पर केंद्रित, यह राष्ट्रीय सुरक्षा और संबद्ध सरकारी संगठनों में वरिष्ठ पदों पर आवश्यक जरूरी कौशल और ज्ञान के साथ निर्णय निर्माताओं को प्रदान करता है।

Back to Top