नौसेना युद्ध महाविद्यालय गोवा में 6वें सामुद्रिक सुरक्षा अभ्यासक्रम का समापन

6वें नौसेना सुरक्षा अभ्यासक्रम (एमएससी-06), मित्र देशों की नौसेना के अधिकारियों के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय व्यावसायिक सैन्य शिक्षा कार्यक्रम, का समापन समारोह, 03 सितंबर 2022 को नौसेना युद्ध महाविद्यालय, गोवा में आयोजित किया गया। एमएससी-06 में श्रीलंका, म्यानमार, बांग्लादेश, मालदीव और विएतनाम के अधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज की। इस कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सामुद्रिक सुरक्षा संयोजक वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार (निवृत्त) द्वारा किया गया एवं इस अभ्याक्रम में शामिल हुए अधिकारियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृतिचिन्ह प्रदान किए गए। अपने भाषण के दौरान राष्ट्र निर्माण में सामुद्रिक सुरक्षा के महत्व पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा कि गतिमानरूप से बदलने वाले भू-राजनैतिक परिदृष्य में सागरी सुरक्षा के क्षेत्र में समर्थ सुरक्षा संरचना विकसित करने के लिए हिंद महासागरीय क्षेत्र की नौसेनाओं द्वारा मज़बूत संबंध बनाने और सहयोग करने की आवश्यकता है। मैत्री के पुलों को मज़बूत बनाने और क्षेत्रीय सामुद्रिक सीमा वाले देशों के बीच सहमति निर्माण करने के लक्ष्य के साथ यह अभ्यासक्रम रणनीतिक एवं परिचालन संबंधी क्षेत्र में व्यापक कैनवास को कवर करता है। आठ सप्ताह के इस कार्यक्रम के दौरान इस अभ्यासक्रम में सहभागी होने वाले अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीति, भू-राजनीति, भारत का रणनीतिक पड़ोस और सामुद्रिक सुरक्षा परिचालन की संकल्पनाओं से परिचित कराया गया और उन्हें पश्चिमी बेड़े के अग्रिमपंक्ति के युद्धपोतों पर समुद्री सोर्टी का अनुभव भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्होंने विषय के विशेषज्ञों और विभिन्न विषयों के प्रतिष्ठित वक्ताओं के साथ बातचीत की और इस अभ्यासक्रम के दौरान भारतीय नौसेना के विभिन्न परिचालनात्मक एवं प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का दौरा भी किया।

Back to Top